विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने घाना, कोटे डी आइवर और इथियोपिया की पांच दिवसीय यात्रा की शुरू


नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मंगलवार से घाना, कोटे डी आइवर और इथियोपिया की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा का शुभारंभ किया। 6 से 10 अक्टूबर तक चलने वाली इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य इन तीन अफ्रीकी देशों के साथ भारत की द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करना है।


द्विपक्षीय बैठकों में व्यापक चर्चा होगी

विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, इस दौरान विदेश मंत्री अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और तीनों देशों के नेतृत्व से मुलाकात कर दोस्ती व सहयोग के संबंधों की समीक्षा करेंगे। बातचीत में व्यापार और अर्थव्यवस्था, विकास सहयोग, क्षमता निर्माण तथा लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी। वे आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।


अदीस अबाबा में रीजनल हेड्स ऑफ मिशन कॉन्फ्रेंस

इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में विदेश मंत्री ‘रीजनल हेड्स ऑफ मिशन’ (HoMs) कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता भी करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा अफ्रीका के साथ अपनी साझेदारी को गहरा करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और ‘ग्लोबल साउथ’ के साथ भारत की एकजुटता को और आगे बढ़ाएगी।


कॉमनवेल्थ महासचिव से मुलाकात


अदीस अबाबा में रुकने के दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कॉमनवेल्थ की महासचिव शर्ली अयोरकोर बोचवे से मुलाकात की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “अदीस अबाबा में रुकने के दौरान कॉमनवेल्थ की महासचिव शर्ली अयोरकोर बोचवे से मिलकर बहुत अच्छा लगा।”

घाना में ऐतिहासिक यात्रा का स्वागत

सोमवार को घाना के विदेश मंत्रालय ने कहा कि डॉ. एस. जयशंकर घाना के विदेश मंत्री सैमुअल ओकुद्ज़ेटो अबलाकवा के निमंत्रण पर 6 से 7 अक्टूबर तक देश की आधिकारिक यात्रा करेंगे।  घाना ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के बीच एकजुटता और साझा मूल्यों के बंधन को और मजबूती मिलेगी। यात्रा के दौरान फार्मास्युटिकल डेवलपमेंट, कृषि सहयोग, औद्योगीकरण, रोजगार सृजन, स्कॉलरशिप और आईटी पार्टनरशिप जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।


ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम से भी हुई मुलाकात

यात्रा से पहले विदेश मंत्री ने नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री केविन रड से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने वैश्विक घटनाक्रम और इंडो-पैसिफिक में बदलती स्थिति पर विचार साझा किए। डॉ. एस. जयशंकर ने एक्स पर लिखा, “कल नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. केविन रड से मिलकर खुशी हुई।”  विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की यह अफ्रीका यात्रा भारत की ग्लोबल साउथ और अफ्रीकी देशों के साथ गहन साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports