नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि ब्रिक्स सहयोग से संचालित है और अधिक समावेशी तथा समृद्ध दुनिया को आकार देने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ब्रिक्स नेताओं के साथ तस्वीर साझा करते हुए कहा कि नई दिल्ली शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान एक ऐसे ब्रिक्स की तस्वीर सामने आई है, जो सहयोग से संचालित है और अधिक समावेशी व समृद्ध दुनिया बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विदेश मंत्रालय ने बताया ‘एकता और साझा उद्देश्य का क्षण’
विदेश मंत्रालय ने ब्रिक्स नेताओं की तस्वीर साझा करते हुए इसे ‘एकता और साझा उद्देश्य का क्षण’ बताया। मंत्रालय ने कहा कि नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स नेताओं का एक साथ आना एकता और साझा उद्देश्य को दर्शाता है।
ब्रिक्स नेताओं ने पौधरोपण में लिया हिस्सा
पीएम नरेंद्र मोदी और ब्रिक्स सदस्य देशों के अन्य नेताओं ने संयुक्त पौधरोपण पहल में भी हिस्सा लिया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने इस पहल में भाग लिया।
कई देशों के नेता रहे मौजूद
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा ने भी पीएम मोदी के साथ पौधरोपण पहल में हिस्सा लिया। इसके बाद सभी नेताओं ने भारत मंडपम के लॉन में आयोजित पारंपरिक फैमिली फोटो के लिए पोज दिया।
समावेशी वैश्विक शासन पर हुई चर्चा
इससे पहले दिन में ब्रिक्स सदस्य देशों के नेताओं ने भारत मंडपम में ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने’ विषय पर आयोजित सत्र में हिस्सा लिया। भारत नई दिल्ली में दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसमें सदस्य और भागीदार देशों के नेताओं के साथ आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को मिली मंजूरी
प्रधानमंत्री मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को सर्वसम्मति से अपनाए जाने की घोषणा की। साथ ही ब्रिक्स के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दो डाक टिकट भी जारी किए गए।
संकल्पों को ठोस परिणामों में बदलने पर जोर
‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने’ विषय पर आयोजित सत्र के समापन भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि अपनाया गया नई दिल्ली घोषणापत्र साझा संकल्प को स्पष्ट दिशा देता है। अब जिम्मेदारी इन संकल्पों को ठोस परिणामों में बदलने की है।
