कुलगाम आतंकी हमला: मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा शोक, मृतक श्रमिकों के परिजनों को ₹20-20 लाख आर्थिक सहायता का ऐलान



• दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में कायराना हमले में सक्ती के दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के भूपेंद्र भैना का हुआ था निधन

• पीड़ितों की सहायता और शवों की वापसी के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ समन्वय हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त करेगी छत्तीसगढ़ सरकार

रायपुर । दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हमले में सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना की जान चली गई। मुख्यमंत्री साय ने इस अमानवीय आतंकी घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।


राज्य सरकार देगी ₹20-20 लाख की सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्दोष और मेहनतकश नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ एक गंभीर अपराध है। उन्होंने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ सरकार दोनों दिवंगत श्रमिकों के शोकाकुल परिजनों को ₹20-20 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करेगी।


मुख्यमंत्री साय ने कहा, "दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और परिजनों को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति दे।"


प्रशासनिक समन्वय और नोडल अधिकारी की नियुक्ति

जम्मू-कश्मीर प्रशासन से संपर्क: वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

नोडल अधिकारी की नियुक्ति: राज्य सरकार द्वारा एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जा रही है, जो जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर परिजनों को हरसंभव सहायता पहुँचाने और आवश्यक प्रक्रियाओं की निगरानी करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports