नीट अभ्यर्थियों को असुविधा न हो, इसलिए दिल्ली एयरपोर्ट पर रुके रहे प्रधानमंत्री मोदी

 


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए शनिवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर कुछ समय तक इंतजार किया और परीक्षा शुरू होने के बाद ही अपने आधिकारिक आवास के लिए रवाना हुए। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 12वें संस्करण के मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व करने के बाद कोलकाता से लौटे प्रधानमंत्री मोदी का विमान दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। उन्हें वहां से सीधे अपने सरकारी आवास जाना था।


हालांकि, नीट-यूजी 2026 की परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होने वाली थी। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी ने निर्णय लिया कि वे हवाई अड्डे पर ही रुकेंगे, ताकि उनके काफिले की आवाजाही के कारण परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे छात्रों को यातायात संबंधी किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


पीएम मोदी का यह फैसला शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भी लिया गया। परीक्षा शुरू होने के बाद दोपहर 2 बजे के पश्चात ही वह अपने आवास के लिए रवाना हुए। इस बीच, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देश और विदेश में 20 लाख से अधिक अभ्यर्थी नीट-यूजी री-एग्जाम में शामिल हो रहे हैं।


केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार सुबह अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे बिना किसी डर और चिंता के परीक्षा में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने यह भी बताया कि सीबीएसई कक्षा 12वीं के अंकों के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने वाले 15 लाख से अधिक छात्रों के परिणाम तैयार हैं और जल्द ही जारी किए जाएंगे।


मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने कहा, “आज पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है। मुझे राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), सभी राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, भारत की शिक्षा व्यवस्था और विशेष रूप से छात्रों पर पूरा भरोसा है।”

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports