मैक कॉलेज के राष्ट्रीय सम्मेलन में बोले वित्त मंत्री - "जो AI को अपनाएगा, वही भविष्य का नेतृत्व करेगा"



रायपुर । "आज की दुनिया ज्ञान, तकनीक और नवाचार (इन्नोवेशन) की है। जो युवा समय रहते आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और बदलती तकनीक को अपनाएंगे, वही आने वाले भविष्य का नेतृत्व करेंगे। एआई से डरने की नहीं, बल्कि इसे एक बड़े अवसर के रूप में देखने की जरूरत है।" यह बात छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (MAIC) द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं को संबोधित करते हुए कही। कॉलेज में "Artificial Intelligence & Digital Transformation: Opportunities, Challenges and Future Impact" विषय पर आयोजित इस नेशनल कॉन्फ्रेंस में वित्त मंत्री ने युवाओं को भविष्य की तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का मंत्र दिया।


देशों की जीडीपी से बड़ी हैं टेक कंपनियां: वित्त मंत्री

अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री ओ.पी. चौधरी ने एलन मस्क, एनवीडिया और एप्पल जैसी वैश्विक कंपनियों का उदाहरण देते हुए कहा:

"आज तकनीक की ताकत इतनी बढ़ चुकी है कि कई टेक कंपनियों का मार्केट वैल्यूएशन दुनिया के कई देशों की कुल अर्थव्यवस्था (जीडीपी) से भी बड़ा है। आज के दौर के सबसे सफल उद्यमी वही हैं जिन्होंने नए विचारों और नवाचार को अपनाया। भारत भी इतिहास में लगभग 1600 वर्षों तक विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था सिर्फ इसलिए रहा, क्योंकि हमने हमेशा शिक्षा, अनुसंधान और ज्ञान को सर्वोच्च स्थान दिया।"

एआई कभी नहीं ले सकता मानवीय संवेदनाओं की जगह

तकनीक और मानवीय मूल्यों के बीच संतुलन की बात करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि एआई इंसानी काम को आसान और तेज जरूर बना सकता है, लेकिन यह कभी भी मानवीय संवेदनशीलता, करुणा और 'ह्यूमन टच' का विकल्प नहीं बन सकता। उन्होंने युवाओं को हेल्थकेयर, नर्सिंग और सर्विस सेक्टर जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने की सलाह दी, जहाँ मानवीय मूल्य सबसे अहम हैं।


नवा रायपुर बनेगा देश का नया 'टेक हब'

छत्तीसगढ़ सरकार के विजन को साझा करते हुए वित्त मंत्री ने एक बड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत @2047' के सपने से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार "छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047" पर तेजी से काम कर रही है।

इस विजन के तहत नवा रायपुर को एक बड़े तकनीकी और नवाचार केंद्र (Tech Hub) के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहाँ जल्द ही सेमीकंडक्टर यूनिट, एआई डेटा सेंटर और ट्रिपल आईटी (IIIT) में अत्याधुनिक रिसर्च फैसिलिटी जैसी बड़ी परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।

युवा सिर्फ नौकरी न ढूंढें, स्टार्टअप्स खोलें

वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ के युवाओं से अपील की कि वे सिर्फ नौकरी तलाशने वाले (Job Seekers) न बनें, बल्कि खुद के इनोवेटिव आइडियाज के दम पर 'जॉब गिवर्स' बनें। उन्होंने युवाओं को विश्वस्तरीय स्टार्टअप और टेक कंपनियां खड़ी करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने शानदार आयोजन के लिए महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज प्रबंधन और देश-विदेश से आए प्रतिभागियों को बधाई दी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports