मिशनरीज ऑफ चैरिटी पहुंचे मार्को रुबियो, राजदूत गोर बोले: भारत- अमेरिका साझेदारी साझा मूल्यों पर आधारित


 नई दिल्ली। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत के दौरे पर हैं। उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत कोलकाता से की, जहां उन्होंने ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ का भी दौरा किया। इस पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि अमेरिका-भारत की साझेदारी न केवल मजबूत नीतियों पर टिकी है, बल्कि साझा मूल्यों और निस्वार्थ सेवा की भावना पर भी आधारित है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ कोलकाता स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटी के दौरे के दौरान भारत-अमेरिका साझेदारी की गहरी नींव पर प्रकाश डाला।

 उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “कोलकाता में ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ के दौरे के लिए विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ शामिल हुआ। ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि अमेरिका-भारत की साझेदारी न केवल मजबूत नीतियों पर टिकी है, बल्कि साझा मूल्यों और निस्वार्थ सेवा की उस भावना पर भी आधारित है जो सीमाओं से परे है।”


रूबियो का कोलकाता दौरा भारत के उनके चार-दिवसीय आधिकारिक दौरे की शुरुआत है। पिछले साल पदभार संभालने के बाद रूबियो की यह पहली भारत यात्रा है। वे शनिवार सुबह शहर में उतरे और पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। अमेरिकी विदेश मंत्री इस दौरे के दौरान आगरा और जयपुर सहित भारत के कई शहरों की यात्रा करेंगे। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के अनुसार, रूबियो का आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने का कार्यक्रम तय है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब वाशिंगटन और नई दिल्ली बदलते वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच रणनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर सहयोग को और गहरा करने की कोशिश कर रहे हैं।


सर्जियो गोर ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “मेरे मित्र मार्को रुबियो का भारत में स्वागत करते हुए सम्मानित महसूस कर रहा हूं। हमारे सामने एक महत्वाकांक्षी एजेंडा है, जिसमें क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक शामिल है, जिसका उद्देश्य अमेरिका-भारत साझेदारी को और भी मजबूत बनाने के (अमेरिकी राष्ट्रपति) के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना है। बेहतरीन बातचीत और मिलकर वास्तविक प्रगति करने के लिए उत्सुक हूं।” शीर्ष अमेरिकी राजनयिक रविवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करने वाले हैं। इसके बाद वे मंगलवार को नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे, जिसमें भारत, संयुक्त राज्य अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के विदेश मंत्री एक साथ आएंगे।


क्वाड बैठक 26 मई को नई दिल्ली में होनी है, जहां विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी की मेजबानी करेंगे। चर्चा का मुख्य केंद्र इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना होगा। साथ ही बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता में सहयोग का विस्तार करना होगा। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports