-46 विधायक रिपीट, विधानसभा अध्यक्ष का टिकट कटा
पटना। बिहार चुनाव के लिए भाजपा ने मंगलवार को 71 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को तारापुर से और विजय सिन्हा को लखीसराय से टिकट दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट काटा गया है। नंदकिशोर 5 बार से पटना सिटी से जीतते आ रहे हैं। उनकी जगह पर बीजेपी नेता और हाईकोर्ट के वकील रत्नेश कुशवाहा को उतारा है।
कुम्हरार से 5 बार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा का भी टिकट कटा है। इनकी जगह संजय गुप्ता को मौका मिला है। संजय पार्टी में प्रदेश महामंत्री भी रह चुके हैं। लिस्ट में 13 मंत्रियों और 9 महिलाओं के भी नाम हैं। 71 सीटों पर पार्टी के 56 विधायक थे। इनमें से 46 को रिपीट किया है। 10 के टिकट कटे हैं। इस बार भाजपा 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 71 के नाम सामने आ गए हैं। अब 30 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान बाकी है। बिहार में 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी। रिजल्ट 14 नवंबर को आएगा। 2020 में भाजपा ने 7 अक्टूबर को 27 कैंडिडेट की पहली लिस्ट जारी की थी।
लिस्ट के 6 बड़े चेहरों को जानिए
बीजेपी ने दोनों डिप्टी सीएम के साथ 12 मंत्रियों को मैदान में उतारा है। मंत्री मंगल पांडे, नीतीश मिश्रा, नीरज कुमार बबलू, जीवेश मिश्रा, राजू सिंह, कृष्ण कुमार मंटू, सुरेंद्र मेहता, डॉक्टर सुनील कुमार, संजय सरावगी, डॉ. प्रेम कुमार को भी टिकट दिया गया है।
बीजेपी ने 13 मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारा है
बीजेपी ने 13 मंत्रियों को मौका दिया है। इनमें एमएलसी रहे सम्राट चौधरी और मंगल पांडेय के भी नाम हैं। साथ ही 8 बार के विधायक और सहकारिता मंत्री प्रेम कुमार को भी पार्टी ने फिर से मौका दिया है।
9 महिलाओं को मौका
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा और 13 महिलाओं को टिकट दिया था। इस बार बीजेपी 101 सीटों पर लड़ रही है। 9 महिलाओं को टिकट दिया है।